शुक्रवार, 4 सितंबर 2020

ये पत्रकार होते कौन हैं?

हमारे मन में प्रश्न उठा कि ये पत्रकार होते कौन हैं? पत्रकार शब्द की परिभाषा क्या है? तरह तरह की परिभाषाएं सामने आ गईं। एक परिभाषा ठीक लगी - प्रकाशन, सम्पादन, लेखन अथवा प्रसारण सहित समाचार माध्यम के संचालन के व्यवसाय को पत्रकारिता कहते हैं। चिरईबुद्धि को समझ आया कुल मिलाकर खबरों का धंधा करने वाला ही पत्रकार होता है।

यहाँ कई तरह के पत्रकार उत्पन्न हुए हैं, कुछ खबरचंद हैं, कुछ रबरचंद, कुछ मुहरचंद हैं, कुछ लचरचंद। खबरचंद के पास वास्तव में कुछ खबरें भी हो सकती हैं, अन्यथा वे किसी भी मूली-मामूली बात को भी खबर बनाने में सिद्धहस्त होते हैं। 

रबरचंद वो पत्रकार हैं जो एक ही खबर को रबर की तरह तब तक खींचते रहते हैं, जब तक खबर का रेशा रेशा अलग न हो जाए। पत्रकार वही जो खबर की रबर बना दे, दो कदम आगे चले और आगे की घटना का अनुमान लगाकर खबर बना दे। फिर किसी जीते जागते आदमी को मार देना कौन सी बड़ी बात है।  

मुहरचंद वो पत्रकार हैं जो हर खबर या खबर की पूंछ पर जब तक कोई टिप्पणी करके अपनी मुहर न लगा दें, उसे खबर नही मानते।

कुछ होते हैं लचरचंद, ये इतने लचर होते हैं कि वास्तविकता के धरातल को अपनी बालकनी से भी नहीं झाँकते। जिन्हें वास्तविकता से कुछ लेना देना नही होता, वातानुकूलित कमरों में सोते हुए अचानक समाचार इनके मन में उत्पन्न होते हैं।

कुछ होते हैं थपड़चंद ये खबरों के चक्कर में यहाँ वहाँ थप्पड़ खाते घूमते रहते हैं। थप्पड़ खाने वाले पत्रकार बहुत प्रसिद्ध होते हैं। किंतु अनादिकाल तक सुख भोगने के पश्चात भी दुर्गति को प्राप्त होते हैं।

पत्रकारों के लिए पहुँच बड़ी चीज़ है। कहते हैं जहाँ न पहुँचे रवि वहाँ पहुँचे  कवि, लेकिन जहाँ न पहुँचे  कवि का विचार वहाँ पहुँचते हैं पत्रकार। लोग तो यहाँ तक कहते हैं कि पत्रकार नेताओं की पार्टियों, खाने की टेबलों से लेकर बैडरूम और बाथरूम तक में पहुँच रखते हैं।  पत्रकारों ने इसी पहुँच के बल पर बहुत कुछ कमाया। कुछ ने पद, पैसा, फ्लैट कमाए तो किसी ने जीवन ही सेट कर लिया और किसी ने बोतलों, समोसों से भी काम चला लिया। लेकिन हर पत्रकार का ऐसा भाग्य नही होता, एक पत्रकार हाल ही में खबर ढूंढने एक व्यक्ति के घर पहुँच गया, हालांकि वह दरवाज़ा तोड़ भी सकता था किन्तु उसका बड़प्पन था कि उसनें दरवाज़ा खटखटाया। जैसे ही दरवाज़ा खोला गया, पत्रकार ने माइक दरवाज़ा खोलने वाले के मुँह में ठूंस दिया। - बताओ तुम्हारा बेटा गिरफ्तार हुआ है तुमको कैसा लग रहा है।  पत्रकार को संभवतः अपेक्षा हो कि सामने वाला कहेगा - हमारा तो बचपन से सपना था कि हमारा बेटा ड्रग्स वगैरह बेचे, गिरफ्तार हो। हमारा तो दिल एकदम बाग़ बाग़ हो गया है। सामने से पहलवान निकलने की उम्मीद उसे नहीं होगी, जिसने पत्रकार की जमकर पूजा कर दी। पत्रकार नें दान दक्षिणा में पसेरी भर गालियाँ और कुंटल भर धक्के खाकर स्वयं को आशुतोषित कर लिया। क्या करें मजबूरी है। आजकल धंधे में कॉम्पिटिशन भी ज़्यादा है, मार्जिन भी कम है। उपर से सोशल मीडिया ने खबरों में मिलावट का धंधा चौपट कर दिया है। अब पत्रकारों को खबरों के लिए अतिरिक्त श्रम करना पड़ता है। 

पत्रकार वार्ता में शालीनता से प्रश्न करने वाले पत्रकारों का दौर निकल गया और गाड़ियों के पीछे माइक लेकर भागते पत्रकारों का समय भी जाता रहा। अब महिला पत्रकार भी बसों के टायरों पर चढ़कर बस की खिड़की में से नेताओं के बयान लेने लगी हैं और नेता भी बस की ख़िड़ियों से मुँह बाहर निकाल कर बयान उगलने में स्वयं को धन्य समझते हैं। लोगों के हलक में माइक डालकर बयान निकलवाने का कालखंड है। किंतु आज भी वास्तविक पत्रकार वही है जो लोगों के मुँह में माइक के साथ शब्द भी रखने में सिद्धहस्त हैं। पत्रकारों के साथ बयानवीरों की भी भीड़ बढ़ गयी है, उसका कारण है दिन भर समाचार चलाने के लिए कच्चे माल की आवश्यकता।

पहले समाचार भी अख़बार में सुबह आते थे, फिर रेडियो पर दो-चार बार आते थे, फिर दूरदर्शन पर दिन में तीन बार दवाई तरह आते थे। उसके बाद फास्ट फुड की तरह उपलब्ध, चौबीस घंटा समाचार का दौर आया और अब प्रति घंटा समाचार का दौर है।

टीवी पर जो बिग बॉस नही देखते वो समाचार चैनलों का कुकुरहाव देखकर प्रसन्न हो लेते हैं। देखना होगा पत्रकारों की पत्रकारिता एक टीवी पर पचास फ्रेम में चलते कुकुरहाव में कब तक सीमित रहती है। मीडिया भोंडी तो थी ही, गोदी मीडिया और लोभी मीडिया में बँटते ही पत्रकार एक दूसरे के खून के भी प्यासे हो गए। पत्रकार सार्वजानिक मंचों पर  आपस में भिड गए। 

एक पत्रकार ने दूसरे से कहा -"जिहादी", दूसरे ने कहा "तिहाड़ी।"

"तू गोदी मीडिया।"

"तू लोभी मीडिया।"

"तू चाटुकार।"

"तू पत्तलकार।"

"तू ट्रोल"

"तू आईटी सेल का पेरोल।"

"तू पिद्दी।"

"तू भक्त।"

"तू तू।"

"तू थू।"

एक ने कहा तुझे यू.पी. पुलिस उठा ले जाएगी, दूसरे ने कहा तुझे महाराष्ट्र की यू.पी.ए. पुलिस उठा ले जाएगी। और हुआ यह कि एक दिन एक पत्रकार को सच में पुलिस उठाकर ले गई। सभी पत्रकार ऐसे प्रसन्न हुए जैसे किसी की लड़की के भाग जाने पर मोहल्ले की औरतें अंदर ही अंदर खुश होती हैं। लेकिन खुलकर हँस नही सकतीं। एक दो को दुःख भी हुआ, एक दो ने तो सहानुभूति भी दिखाई। कुछ ने अपने मन के दांत निपोरते हुए दुःख व्यक्त करते हुए औपचारिकता के चार शब्द कहे। कुढ़े तो थे ही, पचास को इकठ्ठा बिठाता है और बोलने किसी को देता नहीं। बच्चू आज चढ़ा है पुलिस के हत्थे,अब पता चलेगा।  इस पत्रकार ने गिल्ड के नियमों को तोड़ दिया था। इसलिए परिणाम तो भुगतना ही था। 

गिल्ड वो गिलगिली-चिपचिपी संस्था है, जिसने पत्रकारों को निष्पक्ष नही होने दिया। गिल्ड अपने आप को पत्रकारिता का माईबाप समझती है। गिल्ड के कुछ अघोषित नियम हैं, प्रश्न किससे पूछने हैं किससे नहीं। किससे समोसे के स्वाद के विषय में पूछना है और किससे गोबर की खाद के विषय में। कई बार तो उत्तर देने वाले के गोबर को भी खाद बनाकर प्रस्तुत करने का भी विधान गिल्ड के नियमों में है।

गिल्ड के गुलगुलों के लिए तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्त्वपूर्ण होती है, बाकियों को संभलकर बोलना चाहिए ऐसा विधान है। सभी पत्रकार गिल्ड के गुल नहीं होते और जो गिल्ड का गुल नही होते वो मर भी जाएँ तो गिल्ड के मुँह से उफ़ भी नही निकलती। दूसरी तरफ कुछ पत्रकार विशेष होते हैं, जिनकी मूंछ का एक बाल भी ज्यादा कट जाए तो राष्ट्रीय आपदा घोषित हो जाती है। 

कुछ सालों पहले तक तो पत्रकार बेलगाम घोड़े थे, जैसे दौडाते वैसे सरकार दौड़ती रहती। देश में खबरें, नैरेटिव, एजेंडा और यहाँ तक कि मंत्रालय भी कुछ पत्रकार ही तय करते थे। कुछ दरबार के ख़ास होते, तो कुछ अपने आप में दरबार होते थे। फिर एक दिन देश आगे बढ़ चला लेकिन पत्रकारों को साथ में लेकर नहीं चला, पत्रकार मुफ्त में चलना चाहते थे और देश को लगा चलना है तो अपने पैसे पर चलो। पत्रकारों का बोझ देश ने ढोना छोड़ दिया तो उन्हें मालूम चला कि वो कितने मुटा गए हैं। अपना पैसा खर्च करने की आदत तो थी नहीं तो बोझ महसूस होने लगा। खर्च चलाने के लिए एक पत्रकार बॉक्सर बन गए और बॉक्सिंग चैम्पियन के नाम से विख्यात हुए। दो चार पीड़ित तो ऐसे बेरोजगार हुए कि उन्हें कोई काम मिलना ही बंद हो गया। कुछ ने तार बिछा दिए, कुछ ने जाल। कुछ विदेशी पिताओं के लिए कहानियां लिखने लगे। कुछ मोजो जोजो बनकर दंगाइयों में शीरो और हीरो ढूँढने में लग गए। कुल मिला कर इन सब का जीवन बहुत कुछ झींगुर सा हो गया। जनता ने भी जब देखा कि जिन्होंने स्वयं को बुद्धिजीवी घोषित कर रखा था वो परजीवी साबित हो चुके हैं तो पत्रकार जगह जगह से दुत्कारे जाने लगे।

सभी नकाब उतर जाने के बाद जब पत्रकारों को समझ आ गया कि अब निष्पक्षता के बुर्के में छुपकर रहने में कोई फायदा नहीं है, तो सब खुलकर सामने आ गए। जो जिसके पक्ष में था, पक्ष में दिखने लगा, लिखने लगा। हर लेख से समझ आने लगा कि लिखने वाला किसके पे-रोल पर है। सरकार की आलोचना तो होती ही थी, होती है और होती रहेगी लेकिन नकाब हटने के बाद आलोचना गाली गलौच में बदल चुकी है। टीवी की बहस में भद्द पीटने पिटवाने से बोर हो चुके पैनलिस्ट गद्य और पद्य में गाली-गलौच की हद्द कब लांघ गए पता ही नहीं चला। कुछ दिनों पहले टीवी पर किसी कार्यक्रम में जनरल साहब भड़क गए थे। उसके बाद किसी की मध्यमा फड़क उठी और फिर लाइव रिपोर्टिंग करते करते टीवी पर अतिउत्साह में अपशब्द बोलते हुए नए आयाम स्थापित किए गए। 

पत्रकार दो गुटों में बँट चुके हैं, एक गुट सरकार का समर्थक और दूसरा विरोधी। झूठ की दुकाने खुल गयीं, पता सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। जिसे टीआरपी की अंधी दौड़ कह सकते हैं।  सब अपने आप में नंबर एक हैं।  मछली बाजार की तरह दर्शकों को अपनी तरफ खींचने में लग गए हैं। हमारी वाली खबर ताज़ी है, फलाने की बासी है।  हमारी खबर में काँटा नहीं है, फलाने की खबरों में हड्डी है।  

एक ने कहा टीवी मत देखो, किसी और को मत सुनो केवल मुझे सुनो क्योंकि हमने प्राइम टाइम का ठेका ले रखा है बाकी सब झूठे हैं। उनके समर्थक भी ऐसे निकले कि कोई और अपनी बात कहता तो उसे धुनक देते। खुलकर धरना प्रदर्शनों का संचालन करने वाले पत्रकारों ने हीरो भी बनाए शीरो भी। नेताओं का खुलकर चुनाव प्रचार करते हुए प्राइम टाइम पत्रकार कहते मीडिया नेताओं की गुलाम हो गई है, निष्पक्ष नही रही और स्वयं चुनाव प्रचार में अपनी वामपंथी विचारधारा के लिए वोट माँगते फिरते। 

चुनाव परिणाम अपने प्रिय दल के पक्ष में आने से प्रसन्नता हर पत्रकार के चेहरे पर दिख जाती है लेकिन चुनाव परिणाम पक्ष ने आने पर एक पत्रकार का तो नाच ही निकल गया।  ये वही पत्रकार हैं जो अपने कपटपूर्ण व्यवहार के लिए हर किसी से दुत्कारे जाते हैं। इनके अंदर कड़वाहट और नफ़रत इतनी अधिक है कि कोई व्यक्ति अगर बीमार पड़ जाए तो ये शोक संदेश देने लगते हैं और अगर किसी की मृत्यु हो जाए तो सार्वजनिक मंच पर दाँत निकाल कर अपनी प्रसन्नता दिखाते हैं। वास्तव में पत्रकार किस स्तर का गिद्ध हो सकता है ये उसके आदर्श हैं, और ऐसे आदर्शों के होते हुए कोई भी स्तर निम्नतम नहीं हो सकता। 

बुधवार, 19 अगस्त 2020

#जंगल_जंगल_बात_चली_है - वाघोबा आला पळा पळा

जंगल में पिछले दिनों से बड़ी उथल पुथल थी। सरकार भेड़ियों और कानून व्यवस्था चिम्पांजियों के हाथ में आ गई थी।  भेड़ियों ने मिलकर एक नए जानवर को राजा बना दिया था। उसकी खूबी यह थी कि उसके पास शेर की खाल थी जिसको ओढ़कर, वह पैने दांत दिखाकर कहता मैं शेर हूँ, मैं शेर हूँ। 

राजा का सलाहकार था एक सियार, जिसका नाम था हो-सियार।  हो-सियार हो-सियारी भी करता और हो-सायरी भी। वो जो कहता राजा आँख मूँद कर मान लेता।  हो-सियार राजा  को चने के झाड़ पर चढ़ाते हुए, जोर जोर से चिल्लाते हुए जानवरों को डराता और कहता-वाघोबा आला पळा पळा। राजा को लगता उसका बड़ा रौब है और खुश हो जाता। 

राजा तो जो था सो था, लेकिन सबसे मजेदार तो उसका बच्चा था, दो पैरों पर ठुमक ठुमक कर चलता था। जंगल में ऐसा प्राणी तो पहले कभी नहीं देखा गया। उसके पर भी थे और चोंच भी।  सारे जंगल में उसके चर्चे होने लगे। उसे जो देखता तो पूछता- ये पेंगुइन का बच्चा है क्या? और वह इससे चिढ जाता। 

वो अपनी शेर वाली खाल ओढ़ता और तुतला कर कहता - मैं शेल हूँ, मैं शेल हूँ। और सब पशु पक्षी हंसने लगते और  हो-सियार सबको भगाता रहता।   पूरे जंगल की परेशानियों में बस एक यही मनोरंजन था। 

लकड़बग्घों, लोमड़ियों और सियारों की मौज हो गई थी। नए राज में गीदड़ और बन्दर सबसे ज्यादा खुश थे। गीदड़ों को जो चाहे खाने की छूट थी और बन्दरों को ऊधम पाट की। तमाशा दिखाने वाले बन्दर तो कहते कि ये सबसे अच्छा राजा है और तारीफ करते करते दांत निकालकर, अपनी पूँछ के बल पेड़ों पर उल्टे लटक जाते। दिनभर एक दूसरे के जुएँ बीनकर खाने वाले नई सरकार के जुएँ बीनते और उसे खुश करते रहते। 

सियारों का सरकार में बहुत सत्कार था। इसका कारण था जंगल की ख़बरों पर कब्जा। सियारों ने जंगल की वो सब ख़बरें गायब कर दीं जिससे सरकार की किरकिरी होती। यहाँ तक कि एक सियार ने यह तक कह  दिया कि जंगल में जो राजा का बच्चा है, उसके आने से जंगल में रौनक है।  वही वास्तव जंगल का राजा बनने के योग्य है। क्योंकि उसके के पास शेर की खाल है, और उसकी स्वयं की छवि बड़ी मोहिनी है। और वो पेंगुइन तो बिलकुल नहीं है। बाकी पशु उससे जलते हैं और डरते हैं। इसलिए उसकी छवि खराब करने की चालें चलते हैं। राजा को इससे बड़ी तसल्ली मिलती थी। सियारों ने ऐसा जाल बिछाया कि राजा को लगा कि अब तो जंगल में मंगल है। लेकिन जंगल में मंगल नहीं था दंगल हो रहा था। व्यवस्थाएं चरमराने लगी थीं। पशु पक्षी परेशान थे।

राज के साथ जो सबसे ज्यादा बदला था, वो था चिम्पांजियों का व्यवहार। चिम्पांजियों ने देख लिया था कि राज करने वाले ही छद्म भेष धर कर बैठे हैं तो वे भी कानून व्यवस्था छोड़कर दिन भर ठिठोली करते रहते। हर जानवर को चिढ़ाते और जो नई सरकार के विरुद्ध कुछ बोलता उसे उठाकर पेड़ से उल्टा लटका देते। और धमकी देते कि चिम्पांजियों, नई सरकार और नए राजा के विरोध में कोई बोलेगा तो उसके खिलाफ जंगल के नए कानून के हिसाब से कार्यवाही की जाएगी। 

एक दिन गीदड़ों ने अपने स्वभाव के अनुसार जंगल से गुजर रहे खरगोशों की घेरकर निर्मम हत्या कर दी थी, कानून व्यवस्था संभालने वाले चिम्पांजी सामने देखते रहे। सभी जंगल के निवासियों में भारी रोष था। उन खरगोशों ने किसी का क्या बिगाड़ा था? बस इसलिए मारे गए क्योंकि खरगोश थे। वे तो किसी के द्वारा शिकार करने लायक भी नही थे।  

एक पोपट (तोता) कुछ अधिक क्रोधित हो गया, उसने कहा शेर की खाल ओढ़कर कोई शेर नहीं हो जाता। राज चलाना इनके बस में नहीं है। रस्ते में जाते खरगोशों को मारने वाले गीदड़ हैं। और इस घटना पर चुप रहने वाले निर्मम हैं। राजा जी उत्तर द्या, राजा की मम्मी ला-रिसपोस्ता।   

इतनी सी बात पर चार चिम्पांजी आए और उसे उठा कर ले गए और दिन भर उल्टा लटकाकर रखा। पोपट फिर भी न माना।  कुछ न कुछ शोर मचाता रहा। चिम्पांजी चाहते तो उसकी गर्दन मरोड़ देते लेकिन फिर सोचा ये शोर मचाता है लोगों की नजरों में है, अगर शोर नहीं मचाएगा तो लोग राजा पर ऊँगली उठाएंगे।  इसलिए उसे सही समय के लिए छोड़ दिया।  

जंगल का माहौल ऐसा हो गया था कि खरगोशों ने निर्णय लिया कि वो अब नाखून बड़े  और पैने रखा करेंगे। गिलहरियों ने कहा अब तो वो भी माँस खाने की आदत डालने लगीं। मूंगफली लोमड़ियां नहीं खोदने देंगी और फल चिम्पांजी नहीं तोड़ने देंगे। जीने के लिए गिलहरियां हड्डियों से माँस नोच कर खाने लगीं। 

ऐसे ही एक दिन एक और प्राणी जंगल में मृत पाया गया।  

चिम्पांजियों ने कहा कि यह तो आत्महत्या है। 

सियारों ने कहा यह तो आत्महत्या है।  

सरकार ने कहा यह तो आत्महत्या ही है। 

हो-सियार ने कहा राजा के बेटा निर्दोष है।

नीली चिड़िया ने पूछा - ये बीच में राजा के बेटा कहाँ से आया? कुछ गड़बड़ है।  

बंदरों ने कहा-यह आत्महत्या ही है।  राजाजी जिंदाबाद।

नीली चिड़िया ने पूछा जंगल में आत्महत्या कौन करता है? हमको तो लगता है किसी ने मारा है।  जाँच कराओ।  

चिम्पांजियों ने मामले को टालते हुए कहा जांच की क्या बात है? देख तो लिया आत्महत्या है। 

सियारों ने खबर फैलाई जंगल में अपने आप से दुखी एक पशु ने आत्महत्या की, इसमें सरकार का कोई दोष नहीं।  राजा का बेटा जो पेंगुइन जैसा दिखता तो है लेकिन वो तो घोंसले से निकला ही नहीं।  

नीली चिड़िया ने पूछा सरकार के दोष की तो बात ही नहीं ? ये बात कहाँ से आई? जांच तो करो, सच तो सामने लाओ।  

चिम्पांजियों ने कहा-जांच की जरूरत नहीं। हमने सब देख लिया।  मामला रफा दफा।  कोई इतना भी बड़ा जानवर नहीं था।  

इतने में एक शिकारी चील ऊपर से जंगल के हालात देखने लगा। चिम्पांजियों ने उसको नीचे बुलाया और पकड़ कर उल्टा टांग दिया।

नीली चिड़िया ने शोर मचाया।  उसपर पोपट भी चिल्लाया।  कुछ गड़बड़ है, कुछ गड़बड़ है।  

मामला उलझ गया तो बंदरों ने एक चाल चली। बोलने लगे हाँ, हाँ, मिलकर जांच कराओ।  जो भी है मामला सामने लाओ।  लेकिन राजा के बच्चे को मत उलझाओ।  उसके पंजों के निशान वहां नहीं हैं।  

नीली चिड़िया ने बोला - देखो दोषी, ये भी दोषी वो भी दोषी, सारे दोषी। तुम सब पेंगुइन को बचा रहे हो। कुछ गड़बड़ है, जांच करो।  

एक चिड़िया ने हाथी के सामने अर्जी लगाई - 

                    हाथी राजा बहुत बड़े, सूंड उठाकर कहाँ चले,

                    इसपर जाँच बिठाओ न, सच को सामने लाओ न।  

आखिरकार हाथी ने कहा - जांच बिठाओ। सबसे तेज सूंघने वाले, जाओ जाओ, जल्दी जाओ।  

जंगल में पशु पक्षी प्रसन्नता से कलरव करने लगे।  

सियारों ने कहा - ये खुश क्यों होते हैं? क्या न्याय ही मिल गया है?

नीली चिड़िया ने कहा - न्याय तो बाद की बात है, कम से कम जांच तो होगी। जहाँ न्याय की उम्मीद न हो वहां जांच हो जाना ही हर्ष का विषय है। 

एक लंगूर ने कहा- बस हाथी जांचेंगे? डायनासोर नहीं जांचेंगे? 

नीली चिड़िया ने कहा जब तुम लंगूरों की बारी आएगी वो भी जांचेंगे।  

एक सियार चिल्लाया - अब क्या न्याय मिलेगा? दाल में काला है काला।  

नीली चिड़िया ने कहा - तुम्हारा मुंह काला है।  

पोपट ने जब यह खबर सुनी तो चीख पड़ा। उछल पड़ा। पंख फड़फड़ा कर बोला चिम्पांजियो स्तीफा दो। उसकी टाँय टाँय से जंगल गूँज उठा।  

राजा ने तुरंत एक सभा बुलाई और चिम्पांजियों ने फरमान निकाला कोई भी नाक वाला जानवर जंगल में हमसे पूछे बिना नहीं घूमेगा। सूंघना अभी मना है।  

हो-सियार ने कहा - अगला पोपट  .....